सचिव को सख्त सजा, निर्माण कार्यों के भुगतान बदले सरपंच से मांगे थे 1 लाख रुपए, किए गए निलंबित
Saturday, Mar 14, 2026-12:26 AM (IST)
छतरपुर( राजेश चौरसिया): मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक बड़ी कार्रवाई हुई है। यहां पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के मामले में कार्रवाई हुई है। सचिव को रिश्वत मांगने के आरोप के चलते निलंबित किया है।
ग्राम पंचायत सरबई के सचिव भईयाराम केवट को रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित
ग्राम पंचायत सरबई के सचिव भईयाराम केवट को रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। निर्माण कार्यों के भुगतान के एवज में सरपंच से एक लाख रुपए पारितोषण मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद जिला पंचायत ने यह कार्रवाई की है।

जिला पंचायत छतरपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जारी किए आदेश
जिला पंचायत छतरपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार 12 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत सरबई, जनपद पंचायत गौरिहार के सचिव भईयाराम केवट का एक ऑडियो सामने आया था, जिसमें वे निर्माण कार्यों के भुगतान के बदले सरपंच से 1 लाख रुपए मांगते सुनाई दे रहे थे। ऑडियो की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए जाने पर इसे म.प्र. पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के तहत गंभीर कदाचार माना गया।
सचिव को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा
इसी आधार पर म.प्र. पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के नियम 4 (1) (क) के तहत सचिव भईयाराम केवट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें कार्यालय जनपद पंचायत गौरिहार से संबद्ध किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

