जिला शिक्षा अधिकारी का तगड़ा एक्शन, सहायक शिक्षक निलंबित, प्रभारी प्रधानाध्यापक पर भी स्ट्राइक
Tuesday, Mar 10, 2026-06:10 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): छतरपुर जिले के सरकारी स्कूलों में निरीक्षण के दौरान मिली अव्यवस्थाओं और लापरवाही के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी ए.एस. पाण्डेय ने शासकीय प्राथमिक शाला चौकीपुरवा के प्रभारी प्रधानाध्यापक (मूल पद सहायक शिक्षक) धनीराम प्रजापति को निलंबित कर दिया है।
वहीं शासकीय माध्यमिक शाला कलानी की प्रभारी प्रधानाध्यापक (मूल पद माध्यमिक शिक्षक) राखी भारती के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित करते हुए संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर को पत्र भेजा गया है।
यह कार्रवाई जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया द्वारा किए गए आकस्मिक निरीक्षण के बाद की गई है। कुछ दिन पहले सीईओ ने जिला शिक्षा अधिकारी, जनपद पंचायत सीईओ और जिला मिड-डे मील प्रभारी सहित संयुक्त दल के साथ चौकीपुरवा और कलानी स्कूलों का निरीक्षण किया था, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं।
निरीक्षण के दौरान चौकीपुरवा प्राथमिक शाला में सभी बच्चे अनुपस्थित पाए गए, जबकि प्रभारी प्रधानाध्यापक धनीराम प्रजापति स्कूल में अकेले मौजूद थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि बच्चों को मध्याह्न भोजन के लिए गांव भेजा गया है, क्योंकि भोजन स्कूल में न बनकर गांव में तैयार होता है। अधिकारियों ने इसे बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही और शासन के नियमों का उल्लंघन माना। इसके अलावा स्कूल परिसर में गंदगी और अन्य अव्यवस्थाएं भी पाई गईं।
वहीं माध्यमिक शाला कलानी में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक राखी भारती ने बिना किसी सक्षम अधिकारी के निर्देश के हाफ टाइम में ही बच्चों की छुट्टी कर दी थी। मध्याह्न भोजन का सैंपल भी उपलब्ध नहीं मिला। साथ ही उपस्थिति पंजी में अनुपस्थित विद्यार्थियों के स्थान पर बिंदी अंकित कर उपस्थिति में हेरफेर किए जाने के संकेत मिले। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।

