भोजशाला पहुंच टी राजा ने PM मोदी और CM मोहन की तारीफ की, BJP MLA ने बाकी मुख्यमंत्रियों को कह दिया “नपुंसक”
Wednesday, Jun 03, 2026-08:09 PM (IST)
(धार): तेलंगाना से बीजेपी विधायक टी राजा सिंह ने मध्य प्रदेश में आकर एक विवादित बयान दिया है जो काफी सुर्खियां में आ गया है। दरअसल धार के ऐतिहासिक भोजशाला में दर्शनों के लिए आए टी राजा सिंह ने यह विवादित बयान दिया है। टी राजा सिंह ने कहा कि भोजशाला के लिए लंबे संघर्ष के बाद अब जाकर हिंदुओं को अधिकार मिला है और बाकी पूर्व मुख्यमंत्री "नपुंसक" थे क्योंकि उन्होंने मंदिर परिसर में आने से परहेज किया था।

टी राजा ने कहा कि बाकी मुख्यमंत्री नपुंसक थे, भोजशाला पहुंचे विधायक टी राजा ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की तारीफ की है। लेकिन इसी दौरान टी राजा का एक बयान चर्चा में आ गया है।
दर्शनों के बाद भोजशाला परिसर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए टी राजा ने कहा कि इस स्थल पर केवल दो ही मुख्यमंत्री आए हैं- पहले नरेंद्र मोदी और उसके बाद मोहन यादव। बाकी मुख्यमंत्री तो नपुंसक थे। इसी बयान के बाद विवाद हो रहा है।
दर्शन-पूजन के बाद टी राजा सिंह ने कहा कि जब भी वह पहले धार आते थे तो मन में दुख लेकर लौटते थे। जिस भोजशाला में कभी ज्ञान और शिक्षा का प्रसार होता था, उसकी पहचान को बदलने का प्रयास किया गया। यहां “लैंड जिहाद” करने की कोशिश हुई, लेकिन हिंदू समाज ने संघर्ष जारी रखा। मुगल काल, अंग्रेजों के शासन और स्वतंत्रता के बाद भी यह संघर्ष जारी रहा। अब लंबे संघर्ष के बाद भोजशाला परिसर हिंदुओं के अधिकार में आया है।
टी राजा की मोहन यादव को यूपी सीएम योगी के अंदाज में कार्रवाई की सलाह
इस मौके पर टी राजा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्टाइल में कार्रवाई करने की सलाह दी है। भोजशाला विवाद के बारे में बोलते हुए टी राजा ने कहा कि कि कानूनी लड़ाई अपनी जगह चलती रहे, लेकिन बाहर जो ‘कलंक’ है, उसे हटाने के लिए बुलडोजर चलाना चाहिए। टी राजा ने नरेंद्र मोदी और मोहन यादव के अलावा बाकि मुख्यमंत्रियो को नपुंसक बताया है लेकिन गौर करने वाली बात है कि इस विवाद के दौरान कांग्रेस और भाजपा के कई मुख्यमंत्री रहे हैं। अब टी राजा ने किसको निशाने पर लेकर ये बयान दिया है इसके बारे में कयास लगाए जा रहे हैं।

