शिक्षक ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट लिख बताई वजह; विभाग में मचा हड़कंप
Thursday, Apr 23, 2026-09:48 AM (IST)
बीजापुरः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक वरिष्ठ शिक्षक के कथित मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस के अनुसार, पालनार क्षेत्र में पदस्थ प्रधान अध्यापक राजू पुजारी ने यह आत्मघाती कदम उठाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमाटर्म के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जांच के दौरान मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने कुछ लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व मृतक को कार्यालय बुलाया गया था, जिसके बाद से वह लगातार तनाव में थे। उन्होंने परिवार से अपनी मानसिक स्थिति को लेकर चिंता भी जताई थी। सुसाइड नोट के सामने आने के बाद परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के विरोध में परिजन और तेलंगा समाज के लोगों ने जिला अस्पताल के सामने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और स्थिति तनावपूर्ण बन गई।
कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और सुसाइड नोट को अहम साक्ष्य मानते हुए संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, एसडीएम जागेश्वर कौशल ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति आंशिक रूप से सामान्य हुई।
क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सुसाइड नोट में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनसे तत्काल पूछताछ कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं सर्व आदिवासी समाज के सचिव कमलेश पैंकरा ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि पीड़ति परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाज उनके साथ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।

