Punjab Kesari MP ads

अंतिम संस्कार पर चिता से शव को उठा ले गई MP पुलिस, परिवार में मचा हड़कंप; जानिए इसके पीछे वजह

Wednesday, Apr 15, 2026-02:40 PM (IST)

बैतूलः मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आमला नगर में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने अंतिम संस्कार के दौरान चिता से शव उतरवाकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया। मृतका की बहन ने शरीर पर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई है। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार भीमनगर निवासी 62 वर्षीय शकुंतला गुजरे का मंगलवार को निधन हो गया था। परिजन उनका अंतिम संस्कार करने के लिए स्थानीय मोक्षधाम पहुंचे थे और चिता तैयार की जा चुकी थी। इसी दौरान महाराष्ट्र के सौसर क्षेत्र से पहुंची मृतका की बहन अंजली ने अंतिम दर्शन के दौरान शरीर पर संदिग्ध चोट के निशान देखे। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना देकर मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। सूचना मिलते ही आमला पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रुकवाकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया। 

थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया ने बताया कि बहन की शिकायत पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर शरीर पर चोट के निशान होने की बात सामने आई है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमाटर्म रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान जब टीम मृतका के घर पहुंची तो उसका बेटा नशे की हालत में मिला, जिससे तत्काल पूछताछ नहीं हो सकी। उसके होश में आने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जाएगी। पोस्टमाटर्म रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News