Punjab Kesari MP ads

MP के सरकारी स्कूल में गहरी नींद में सोती मिलीं शिक्षिका, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Thursday, Sep 17, 2026-02:14 PM (IST)

छतरपुर। (राजेश चौरसिया): जिले के शासकीय प्राथमिक शाला कदारी से शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही का मामला सामने आया है। स्कूल परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शिक्षिका कक्षा के भीतर सोती हुई नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद विद्यालय की कार्यप्रणाली और बच्चों की पढ़ाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि विद्यालयीन समय के दौरान पदस्थ शिक्षिका रेखा मानव कक्षा में आराम करती दिखाई दे रही हैं। वहीं, कक्षा में मौजूद बच्चे पढ़ाई करने के बजाय इधर-उधर बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो में शिक्षिका के सोने की स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा स्कूल में बनाया गया, जिसके बाद इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सरकारी स्कूलों में बच्चों की शिक्षा और अनुशासन को लेकर शिक्षकों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में यदि विद्यालयीन समय में शिक्षक कक्षा में मौजूद विद्यार्थियों को पढ़ाने के बजाय आराम करते पाए जाते हैं, तो मामले की जांच होना जरूरी है।

स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही, यदि जांच में लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित शिक्षिका के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग भी की जा रही है।

फिलहाल वायरल वीडियो की वास्तविक स्थिति और उसके बनाए जाने के समय की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें संबंधित शिक्षिका की क्या जिम्मेदारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News