दुल्हन की तरह सजी राम राजा सरकार की नगरी, 12 बजे होगा भगवान का जन्म, 51 हजार लड्डुओं का लगेगा भोग
Thursday, Mar 30, 2023-12:47 PM (IST)
 
            
            निवाड़ी( कृष्णकांत बिरथरे): भगवान रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में आज रामनवमी के उपलक्ष्य में धूम मची हुई है। राम राजा सरकार के मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया है। जहां ठीक बारह बजे भगवान रामराजा सरकार का जन्म होगा। जन्म के दौरान भगवान को 51 हजार लड्डुओं का भोग लगेगा।

ओरछा में तीन दिवसीय राम जन्म महोत्सव मनाया जाता है। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु राम राजा के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। बुंदेलखंड के लोग यहां पर अपने आराध्य श्रीराम को राजा के रुप में पूजते है। खास बात यह है कि यहां पर भगवान राम राजा को शासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है।

30 मार्च को श्रीराम नवमी के पर्व पर दोपहर 12 बजे से विधि-विधान से भगवान का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। इसके बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में खास बात यह कि इसमें मां कौशल्या की जगह रानी कुंवरगणेश की झांकी सजाई जाती है। वहीं 31 मार्च की सुबह 5 बजे मंगला आरती होगी और 1 अप्रैल को भगवान की पालना झांकी सजाई जाएगी। 

हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते है। साल में दो बार होने वाली मंगला आरती भी की जाएगी। श्रीराम नवमी के बाद की मंगला आरती में शामिल होना, सुनना और करना बेहद शुभ माना जाता है।
 


 
                     
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                            