विदिशा: कलेक्टर ने संभाली हनौता बांध परियोजना के विस्थापन कार्यों की कमान! प्रभावितों से मिले, हर सुविधा को परखा
Friday, May 30, 2025-05:29 PM (IST)

विदिशा। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने बुधवार को कुरवाई अनुविभाग क्षेत्र में निर्माणाधीन हनौता बांध सिंचाई परियोजना के कार्यों का भ्रमण कर जायजा लिया। उन्होंने बांध के निर्माण कार्यो के लिए अधिग्रहण की गई भूमि के स्वामित्व को देय सुविधाएं का भी स्थलीय निरीक्षण किया है। उन्होंने ग्राम हनौता में बीना नदी पर निर्माणाधीन हनौता सिंचाई परियोजना से प्रभावितों को विस्थापन हेतु किए जा रहे प्रबंधों का जायजा लिया है।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता को परियोजना प्रबंधक ने बताया कि योजना से कुल 4183 हेक्टेयर भूमि डूब प्रभावित हो रही है जिसमें कुल 44 ग्राम जिला सागर एवं विदिशा के प्रभावित हो रहे हैं। विदिशा जिले के 9 ग्रामों में पुनर्वास एवं विस्थापन का कार्य किया जा रहा है जिसमें प्रभावित परिवारों की संख्या 1157 हैं, वहीं सागर में कुल 7 ग्रामों में पुनर्वास विस्थापन का कार्य किया जा रहा है। यहां प्रभावित परिवारों की संख्या 967 हैं। विदिशा जिले के प्रभावितों को ग्राम जाजोन में विस्थापन हेतु किए जा रहे कार्य एवं आवास बनाने के लिए आवंटित भूमि तथा प्रदाय सुविधाओं के साथ-साथ अन्य तमाम बुनियादी सुविधाओं की पूर्ति के संबंध में जानकारी सांझा की गई है।
कलेक्टर गुप्ता ने विस्थापन क्षेत्रों में गौ शाला के निर्माण पर बल देते अब तक बनाई गई आंगनबाड़ी, स्कूल स्वास्थ्य केंद्र सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
परियोजना प्रबंधक ने हनोता सिंचाई परियोजना के बांध की कुल लंबाई, मिट्टी बांध की कुल लंबाई, पक्के बांध की कुल लंबाई, बांध की उंचाई, टीबीएल, एम डब्ल्यूएल, एफआरएल, केचमेंट एरिया,कुल जल भराव क्षमता, जीवित जल भराव क्षमता, गेटों की संख्या तथा कुल डूब क्षेत्र भूमि की जानकारियों से अवगत कराया है।
हर जरूरतमंद को मिले मदद, कोई ना हो परेशान - कलेक्टर -
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने पठारी क्षेत्र का दौरा कर हनोता बांध वृहद परियोजना, इंटेक और निर्माणाधीन कॉलोनियों का औचक निरीक्षण किया। जिसमें बेहतर से बेहतर कार्य करने की समझाईश दी। पात्र हितग्राहियों और जरूरतमंदों को हर संभव मदद देने की बात कही।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता और जिला पंचायत सीईओ ओपी सनोडिया ने अधिकारियों के साथ पठारी क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान कलेक्टर गुप्ता ने हनोता बांध बृहद परियोजना की विस्थापित कॉलोनी का निरीक्षण किया। जिसमें ग्राम जाजपोन की कॉलोनी में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, मंदिर, खेल परिसर, सड़क, नाली, पेयजल व्यवस्था, अस्पताल, विद्युत व्यवस्था, बस स्टैंड, पार्क सहित मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने 300 परिवार वाली कॉलोनी में अनेक व्यवस्थाओं में सुधार करने की समझाईश दी। जिसमें जल निगम द्वारा पेयजल व्यवस्था में सुधार करने की बात कही। वहीं मंदिर के परिसर को बढ़ाने एवं बेहतर सड़के और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने के सख्त निर्देश दिए।
- ग्रामीणों से हुए रूबरू कलेक्टर -
क्षेत्र भ्रमण के दौरान कलेक्टर अंशुल गुप्ता प्रधानमंत्री जनमन बस्तियों में पहुंचे। जहां सहरिया समुदाय के परिवारजनों से संवाद किया एवं छोटे बच्चों से आंगनवाड़ी केंद्र और स्कूल की पढ़ाई के विषय में चर्चा की। कलेक्टर बच्चों के जवाब से संतुष्ट नजर आए वही धन सिंह सहरिया और युवाओं से भी उन्होंने चर्चा कर आत्मनिर्भर होने के लिए लोन मुहैया कराने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारी को दिए।
कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और तत्काल मौके पर निराकरण किया। इंदिरा आवास कॉलोनी में प्रधानमंत्री जनमन नवीन आंगनबाड़ी केंद्र बनाया जाएगा। निर्माणाधीन अस्पताल भवन का निरीक्षण किया। बेहतर से बेहतर कार्य करने की समझाईश दी। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीम नितिन जैन, जनपद सीईओ आयुष अग्रवाल, तहसीलदार अभिषेक पांडे, हनोता बांध ईई सौरभ त्रिवेदी, एसडीओ केएल सूर्यवंशी, डीपीसी आरपी लखेर, डीपीओ विनीता कांसवा, परियोजना अधिकारी फिरदौस अख्तर सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और हनोता बांध बृहद परियोजना की टीम मौजूद रही।