बेटे के जन्म की खुशियों मातम में बदली, ढोल-नगाड़ों के बीच हुई हर्ष फायरिंग, बेटी के पेट में लगी गोली, दर्दनाक मौत
Tuesday, Mar 10, 2026-04:43 PM (IST)
सीधी (सूरज शुक्ला): MP के सीधी जिले से एक बेहद ही सनसनीखेज मामला सामने आय़ा है। बेटे के जन्म की खुशी मनाने के लिए मनाया जा रहा जश्न एक परिवार के लिए मातम बन गया। दिल दहला देने वाली खबर से इलाके में शोक है। यहां हर्ष फायरिंग ने एक 20 साल की युवती की जान ले ली।
बेटे के जन्म की खुशी मातम में बदली

सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र के मवई गांव में बेटे के जन्म की खुशी में जश्न मनाया जा रहा था। घर में ढोल-नगाड़े, नाच-गाना और खुशियों का माहौल था। लेकिन इसी जश्न के बीच की जा रही हर्ष फायरिंग एक मासूम जिंदगी पर भारी पड़ गई। जश्न के दौरान अचानक चली गोली वहां मौजूद 20 वर्षीय रितिका सिंह के पेट में जा लगी।
अपनी बहन के घर मवई गांव आई थी लड़की रितिका
गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में रितिका को तुरंत इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन जिंदगी और मौत की जंग में रितिका हार गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि रितिका रीवा जिले की रहने वाली थी और अपनी बहन के घर मवई गांव आई हुई थी। लेकिन किसे पता था कि खुशी के इस जश्न में शामिल होना उसकी जिंदगी का आखिरी दिन बन जाएगा।
हर्ष फायरिंग रोक के बाद भी जारी
घटना की सूचना मिलते ही चुरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किसने चलाई और इस लापरवाही के पीछे जिम्मेदार कौन है। एक बार फिर हर्ष फायरिंग ने साबित कर दिया है कि जश्न में चलाई गई एक गोली किसी की भी जिंदगी छीन सकती है। अब देखना होगा कि इस दर्दनाक हादसे के जिम्मेदार लोगों पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है।

