MP में अगले 72 घंटें भारी! कई जिलों में आंधी-बारिश मचाएगी तांडव, बिजली भी गिरने की आशंका; रहें सावधान
Thursday, Nov 19, 2026-10:58 AM (IST)
भोपालः मध्यप्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। अगले 72 घंटे के लिए मौसम की चेतावनी जारी की गई है। कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही बिजली गिरने की आशंका भी है। मौसम विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की अपील की गई है। आज यानी 19 नवंबर को सभी 55 जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य में अगले 3 दिन के लिए मौसम की चेतावनी जारी की गई है। 20 नवंबर को प्रदेश के जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में आंधी-बारिश की संभावना है। इसके अलावा शहडोल और डिंडोरी में भी भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, 21 नवंबर को सीधी और अनूपपुर में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। 22 नवंबर को भी एमपी के कुछ इलाकों में मौसम खराब रहने का आसार है।
दरअसल, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से मध्यप्रदेश में मौसम बदलेगा। इसके चलते राज्य के छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भी मौसम खराब हो सकता है। वहीं, आज यानी 19 नवंबर को सभी 55 जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

