छतरपुर में लाखों की चोरी का खुलासा, 20,000 के तीन इनामी चोर गिरफ्तार

Friday, Feb 14, 2025-06:36 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर जिले के थाना बमीठा क्षेत्र के कस्बा चंदन नगर में हाल ही में हुई लाखों रुपए की चोरी मामले में बड़ा खुलासा किया है। बमीठा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 30 लाख रुपए नकदी समेत सोने चांदी के गहने जब्त किए।

दरअसल, चोरों ने चंदन नगर के एक घर में धावा बोल दिया था। पीड़ित ने बमीठा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके आधार पर पुलिस टीम ने घटना स्थल से बारीकी से भौतिक एवं तकनीकी साक्षी एकत्रित किये और क्षेत्र में मूवमेंट करने वाले संदिग्धों की जानकारी एकत्र की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक छतरपुर रेंज ललित शाक्यवार ने चोरी की गई संपत्ति की बरामदगी एवं चोरों की गिरफ्तारी के लिए 20000 के इनाम की घोषणा की। पुलिस अधीक्षक छतरपुर अगम जैन ने पुलिस टीम गठित कर निरंतर मॉनिटरिंग की। एकत्रित साक्ष्य के आधार पर पुलिस टीम से संदेहियों से पूछताछ की गई। जिनके द्वारा घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। चोरी की घटना को अंजाम देने वाले 3 चोर

1. अमर सिंह उर्फ रामजीलाल पिता रमेश प्रसाद
2. रूपेश गुप्ता पिता कामता प्रसाद
3. घनश्याम प्रजापति पिता बाबूलाल

तीनों निवासी चंदनगर को गिरफ्तार कर अभिरक्षा में लिया गया। अभियुक्तों के पास से चोरी की गई 30 लाख रुपए नगद राशि, सोने चांदी के विभिन्न प्रकार के आभूषण जैसे सोने की चूड़ियां, सोने के सुई धागा, जंजीरें, अंगूठियां, मंगलसूत्र पायलें इत्यादि प्रयुक्त 3 मोबाइल फोन कुल कीमत करीब 40 लाख रुपए बरामद की गई। आरोपी अमर सिंह मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा एवं आरोपी घनश्याम गैर इरादतन हत्या अपराध में पूर्व से लिप्त हैं। अभियुक्तों को न्यायालय पेश किया जा रहा है, विवेचना कार्यवाही जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News