Punjab Kesari MP ads

यूथ कांग्रेस की बैठक बनी जंग का मैदान, प्रदेश सचिव और जिला अध्यक्ष के बीच धक्का-मुक्की, हाथापाई जैसी नौबत

Tuesday, Jun 30, 2026-06:36 PM (IST)

भोपाल (इजहार खान) : भोपाल में आयोजित मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस की बैठक उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गई, जब संगठनात्मक चर्चा के दौरान प्रदेश सचिव सलमान गौरी और मऊगंज जिला अध्यक्ष आशुतोष के बीच तीखी बहस हो गई। बताया जा रहा है कि मर्यादा में रहकर बात करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों नेताओं के बीच धक्का-मुक्की की नौबत आ गई।

बैठक में मौजूद यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया को हालात संभालने के लिए अपनी कुर्सी छोड़कर बीच-बचाव करना पड़ा। उन्होंने दोनों नेताओं को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद थमता नहीं दिखा।

हंगामे के चलते बैठक का माहौल पूरी तरह बदल गया और संगठनात्मक चर्चा की बजाय विवाद ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। स्थिति को देखते हुए दोनों नेताओं को बैठक के बीच से बाहर निकाल दिया गया। प्रदेश सचिव और एक जिला अध्यक्ष के बीच हुई इस झड़प ने यूथ कांग्रेस के भीतर अनुशासन और संगठनात्मक व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News