उज्जैन के मां हरसिद्धि मंदिर में नवरात्रि पर दिखेगा अद्भुत नजारा, जानिए क्या है खास
Sunday, Oct 11, 2026-02:00 PM (IST)
उज्जैन। (विशाल सिंह): धर्मनगरी उज्जैन में शारदीय नवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हो गया है। शक्तिपीठ मां हरसिद्धि के मंदिर में नवरात्रि के पहले दिन सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। घटस्थापना के साथ ही मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। मान्यता है कि यह वही पावन स्थल है, जहां माता सती की कोहनी गिरी थी। यही वजह है कि इस मंदिर का देशभर के श्रद्धालुओं के बीच विशेष धार्मिक महत्व है।
उज्जैन स्थित मां हरसिद्धि मंदिर देश के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, मां हरसिद्धि राजा विक्रमादित्य की आराध्य देवी थीं। नवरात्रि के नौ दिनों तक माता का विशेष श्रृंगार किया जाएगा और सुबह-शाम विधि-विधान से पूजा-अर्चना होगी। शाम 7 बजे ढोल-नगाड़ों के साथ होने वाली भव्य आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
मंदिर परिसर में मौजूद दो विशाल दीपस्तंभ यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। नवरात्रि के दौरान इन दीपस्तंभों पर सैकड़ों दीपक एक साथ प्रज्वलित किए जाते हैं। दीपों की जगमगाती रोशनी से मंदिर परिसर का नजारा बेहद भव्य और मनमोहक हो जाता है। इन दीपस्तंभों पर दीप प्रज्वलित करने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहता है।
मंदिर के पुजारी राजू गोस्वामी पुरी के अनुसार, मां हरसिद्धि के दरबार में सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों को आत्मिक शांति और सुख-समृद्धि की अनुभूति होती है। नवरात्रि के पहले दिन मां हरसिद्धि के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ उज्जैन की धार्मिक परंपरा और अटूट आस्था को दर्शा रही है। ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरी धर्मनगरी भक्तिमय हो उठी है।

