उज्जैन में 33 लाख दीयों से जगमगाई महाकाल की नगरी, PM मोदी के जन्मदिन पर बनाया विश्व रिकॉर्ड
Friday, Sep 18, 2026-11:14 AM (IST)
उज्जैन (विशाल सिंह ठाकुर): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर मध्यप्रदेश के उज्जैन में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत शिप्रा नदी के घाटों से लेकर महाकाल महालोक तक लाखों दीप एक साथ प्रज्वलित किए गए। आयोजन में कुल 33 लाख 27 हजार दीप जलाए जाने की जानकारी सामने आई है। आयोजकों के अनुसार, यह एक साथ इतने दीप प्रज्वलित करने का विश्व रिकॉर्ड है।

उज्जैन के रामघाट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। सायरन बजते ही करीब 25 हजार वॉलंटियर्स ने शिप्रा नदी के दोनों तटों, विभिन्न घाटों और महाकाल महालोक में एक साथ दीप प्रज्वलित किए। महज कुछ ही मिनटों में पूरी अवंतिका नगरी दीपों की रोशनी से जगमगा उठी।

इसके बाद मां शिप्रा की आरती की गई। कार्तिक मेला ग्राउंड में दीपों की मदद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र भी बनाया गया। पूरे आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। उज्जैन के इस भव्य दीपोत्सव के साथ मध्य प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदेशभर में कुल 3.55 करोड़ दीप जलाए गए।

