उज्जैन को बड़ी खेल सौगात: 49 करोड़ से बनेगा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम
Tuesday, Mar 10, 2026-02:14 PM (IST)
उज्जैन (विशाल ठाकुर): मध्य प्रदेश के उज्जैन में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने नानाखेड़ा स्थित Rajmata Scindia Stadium परिसर में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम का भूमिपूजन किया। करीब 49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह स्टेडियम लगभग साढ़े 21 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मैदान कई वर्षों से खेल गतिविधियों के लिए आरक्षित था, लेकिन अब इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है। स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी, जिससे प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि उज्जैन में एक अत्याधुनिक स्विमिंग अकादमी भी स्थापित की जाएगी। यहां पहले से मौजूद बड़े स्विमिंग पूल और डाइविंग पूल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, ताकि नए खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल सके और पेशेवर प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध हो।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार निवेश कर रही है। स्मार्ट सिटी परियोजना के माध्यम से खेल विभाग को लगभग 800 करोड़ रुपये से अधिक की खेल संरचनाएं मिल रही हैं, जिनका उपयोग खिलाड़ियों के विकास के लिए किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यदि तैयारियां समय पर पूरी हो जाती हैं, तो वर्ष 2030 में होने वाले Commonwealth Games के कुछ अंतरराष्ट्रीय मुकाबले उज्जैन में भी आयोजित किए जा सकते हैं। इससे शहर को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।

