उमा भारती ने नेहरू की उद्योग नीति की सराहना की, CM मोहन को दी नसीहत
Wednesday, Feb 26, 2025-07:20 PM (IST)

उज्जैन (विशाल सिंह) : भाजपा की कद्दावर नेत्री उमा भारती महाशिवरात्रि के अवसर पर धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंची। जहां उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए। उमा भारती ने महाकाल का अभिषेक किया और महाकाल से आशीर्वाद लिया। पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने पंडित नेहरू की उद्योग नीति की सराहना की। उन्होंने सीएम मोहन यादव को इसे अपनाने की सलाह भी दी।
नेहरू मॉडल की तारीफ की
उमा भारती ने कहा कि पंडित नेहरू का उद्योग आधारित विकास मॉडल और महात्मा गांधी का ग्रामीण विकास और स्वावलंबन पर जोर देने वाला मॉडल, दोनों ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि दोनों मॉडल का संतुलन देश के औद्योगिक विकास के लिए फायदेमंद होगा।
सीएम मोहन यादव को दी नेहरू मॉडल अपनाने की सलाह
उमा भारती ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को सलाह दी कि यदि वे पंडित नेहरू की औद्योगिक नीति को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को लागू करें, तो इससे न सिर्फ निवेश आकर्षित होगा, बल्कि राज्य में आर्थिक विकास भी तेज़ी से होगा। साथ ही, उन्होंने ग्लोबल समिट को सफल बनाने के लिए अधिकारियों की प्रभावी निगरानी और तेज़ी से काम करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उमा भारती ने PM मोदी के संतुलित विकास दृष्टिकोण का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर CM मोहन यादव भी इसी तरह का संतुलन अपनाते हैं, तो राज्य में औद्योगिक विकास और निवेश की प्रक्रिया में तेज़ी आएगी और एमओयू (OMU) जमीन पर उतरेंगे।