उमरिया जिले को राष्ट्रीय स्तर पर मिली सराहना, धन-धान्य कृषि योजना में देशभर में तीसरा स्थान
Tuesday, Oct 13, 2026-02:30 PM (IST)
उमरिया (दीपक वर्मा) : प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत जिले में किए जा रहे कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। अगस्त माह की समीक्षा में उमरिया जिले ने 78.1 का कंपोजिट स्कोर प्राप्त कर देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए कलेक्टर राखी सहाय को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित एनएएससी कॉम्प्लेक्स में केंद्रीय कृषि मंत्री एवं संबंधित मंत्रालयों और विभागों के केंद्रीय मंत्रियों की उपस्थिति में आयोजित हुआ। इसमें प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत जिलों में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
कृषि उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत उमरिया जिले में कृषि उत्पादन बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि करने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य विभाग, जिला पंचायत के ग्रामीण विकास विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से योजना के लक्ष्यों को पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
योजना के अंतर्गत फसल विविधीकरण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, कृषि अधोसंरचना को मजबूत बनाने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसानों को कृषि संबंधी जानकारी, तकनीकी मार्गदर्शन और विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
दलहन और तिलहन उत्पादन को बढ़ावा
जिले में दलहन एवं तिलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य कृषि उत्पादकता में सुधार करना, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना और किसानों की आय में वृद्धि करना है। राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करना उमरिया जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे जिले में कृषि विकास के लिए संचालित गतिविधियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

