मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत छुईखदान में 115 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, आशीर्वाद में मिले 35-35 हजार रुपए

Wednesday, Feb 11, 2026-08:17 PM (IST)

खैरागढ़ (हेमंत पाल) : खैरागढ़ जिले के छुईखदान में सामाजिक समरसता, परंपरा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 115 जोड़ों का सामूहिक विवाह भव्य रूप से संपन्न हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा केकती बाड़ी मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हजारों लोगों की उपस्थिति ने इसे यादगार बना दिया।

PunjabKesari

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य 115 दूल्हों की सामूहिक बारात रही। बैंड-बाजे की धुनों पर सजे-धजे दूल्हे लगभग एक किलोमीटर तक पैदल मार्च करते हुए विवाह स्थल पहुंचे। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस आयोजन में घराती की जिम्मेदारी निभाई, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दुल्हनों की सहेलियां बनकर पूरे आयोजन में सक्रिय रहीं। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सभी जोड़ों का विधिवत विवाह संपन्न कराया गया।

शासन की ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से 35 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। साथ ही घरेलू उपयोग की आवश्यक सामग्री भी दी गई, जिससे दहेज-विहीन विवाह को प्रोत्साहन मिला और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली।

PunjabKesari

कार्यक्रम में विधायक यशोदा वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, कलेक्टर इंद्रजीत कुमार चंद्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। आयोजन में NSS वॉलिंटियर्स का सहयोग भी उल्लेखनीय रहा, जिन्होंने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह सामूहिक विवाह न केवल एक सामाजिक आयोजन रहा, बल्कि समाज में समानता, सहयोग और सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News