किसानों के खाते में जल्द आएंगे 2-2 हजार रुपए, इस तारीख को ट्रांसफर होगी राशि
Friday, Feb 06, 2026-02:39 PM (IST)
भोपाल : मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि का इंतजार कर रहे किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मध्य प्रदेश सरकार जल्द ही राज्य के लगभग 81 लाख किसानों के खाते में योजना की 14वीं किस्त की राशि अंतरित करेंगे। नवंबर महीने से किसान इस किस्त के तहत 2000 रुपये की राशि अपने खाते में आने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, सीएम किसान कल्याण योजना की 14वीं किस्त 15 फरवरी 2026 से पहले किसानों के खातों में जारी की जा सकती है। यह तारीख इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व है, और इससे पहले किसानों को आर्थिक राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, योजना की अगली किस्त जारी करने की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। गौरतलब है कि 18 फरवरी को मध्य प्रदेश सरकार का बजट पेश होना है, ऐसे में संभावना है कि बजट से पहले ही सरकार किसानों को यह सौगात दे सकती है। हालांकि, फिलहाल इस किस्त को लेकर सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन नवंबर से इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह खबर राहत भरी मानी जा रही है।
अगर तय समय पर राशि जारी होती है, तो इससे प्रदेश के लाखों किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों में सीधी आर्थिक मदद मिलेगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश में ओला वृष्टि से प्रभावित किसानों को भी जल्द ही फसल बीमा की राशि भेजी जा सकती है। सीएम मोहन यादव ने प्रदेश भर के किसानों को फसल के नुकसान का सर्वे करने के आदेश दिए हैं।

