Punjab Kesari MP ads

श्रीकृष्ण पर टिप्पणी के विरोध में छतरपुर में बवाल, बागेश्वर धाम कूच कर रहे यादव महासभा के प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया

Friday, Nov 13, 2026-07:46 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया) : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को छतरपुर में यादव महासभा ने प्रदर्शन किया। महासभा के कार्यकर्ताओं ने बागेश्वर धाम पहुंचकर तालाबंदी करने का ऐलान किया था। इसी को लेकर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर धाम की ओर कूच करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वाहनों से थाने ले जाया गया।

एक तरफ विरोध, दूसरी ओर समर्थन में उतरे लोग

प्रदर्शन के दौरान शहर में दोनों पक्षों की मौजूदगी से तनाव की स्थिति बन गई। एक ओर यादव महासभा के लोग बाबा बागेश्वर के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर उनके समर्थन में उतरे लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाए। दोनों पक्षों की नारेबाजी के बीच पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाला। प्रदर्शनकारियों के धाम की ओर कूच करने के ऐलान के चलते हाईवे पर भी जाम के हालात बने।

PunjabKesari

रेलवे स्टेशन से हाईवे तक पुलिस की घेराबंदी

संभावित टकराव को देखते हुए रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। स्टेशन के तीन स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई। महिला पुलिसकर्मियों सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर तैनात रहे। इसके अलावा वज्र वाहन और अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

यादव महासभा ने धार्मिक भावनाएं आहत होने का लगाया आरोप

अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा ने पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि इससे भगवान श्रीकृष्ण और यादव समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव के निर्देश पर 13 नवंबर को विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया गया था। कार्यकर्ताओं ने बागेश्वर धाम पहुंचकर तालाबंदी करने की बात कही थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें धाम तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों के बीच किसी भी तरह के टकराव को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था संभाल रखी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News