Punjab Kesari MP ads

जीतू पटवारी की सहमति से कांग्रेस में इन नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी! नई लिस्ट जारी

Wednesday, Jul 15, 2026-11:56 AM (IST)

हरदा। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने हरदा जिले में संगठन को नई ऊर्जा देने की दिशा में अहम कदम उठाया है। पार्टी नेतृत्व ने टिमरनी ब्लॉक कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की हैं। इस बदलाव को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन विस्तार की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की सहमति के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साई द्वारा जारी आदेश में सोडलपुर निवासी विनोद पटेल को टिमरनी ब्लॉक कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे विनोद पटेल को जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नई कार्यकारिणी में संगठन को संतुलित और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से चार नेताओं को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनमें ज्ञानदास गुर्जर, रामकृष्ण राजपूत, मनोज किरार और रामु प्रजापति शामिल हैं। वहीं संगठन महासचिव के रूप में जय पालीवाल, राजेंद्र सिंह राजपूत, सुरेश बांके, अनीश शाह, रामनाथ गुर्जर और आशाराम हलदे को जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा संगठन के विभिन्न कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए पारस किरार, हरिशंकर राजपूत, बाबा पारे, मनोज देवड़ा, सचिन राजपूत, अजय कौशल, रामोतार सेजकर और अभिषेक काजले को सचिव बनाया गया है। हरिशंकर विश्वकर्मा को कोषाध्यक्ष, राजेंद्र नागरे को मीडिया प्रभारी तथा चंदू सोलंकी को सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि नई टीम के गठन से टिमरनी ब्लॉक में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में यह कार्यकारिणी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि संगठन में नई जिम्मेदारियां देने का उद्देश्य सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाना और क्षेत्र में कांग्रेस की मौजूदगी को और मजबूत करना है। नई कार्यकारिणी से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और आने वाले समय में संगठन को इसका लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News