कांग्रेस के दिग्गज नेता ने अचानक दिया सभी पदों से इस्तीफा, जीतू पटवारी पर लगाए गंभीर आरोप
Friday, Jul 03, 2026-03:29 PM (IST)
इंदौर। (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश कांग्रेस में एक बार फिर अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के पूर्व प्रदेश उपमहासचिव राकेश यादव ने कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा देकर प्रदेश नेतृत्व पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इस्तीफे के साथ उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की कार्यशैली पर भी खुलकर नाराजगी जताई।
राकेश यादव का कहना है कि हाल ही में कांग्रेस प्रवक्ताओं को टीवी न्यूज डिबेट में शामिल नहीं होने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ प्रवक्ता डिबेट में पहुंचे, लेकिन कार्रवाई केवल उनके खिलाफ हुई और उन्हें नोटिस जारी किया गया। यादव का आरोप है कि संगठन में समान नियम लागू नहीं किए जा रहे हैं और इसी कारण उन्होंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने का फैसला लिया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश संगठन में नियुक्तियां योग्यता के बजाय कुछ नेताओं को बचाने और उनके प्रभाव के आधार पर की गईं। यादव ने कहा कि प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी का बचाव किया गया और उसी के चलते संगठन में पद बांटे गए।

राकेश यादव ने दावा किया कि उन्होंने अपनी शिकायतों और संगठन से जुड़े मुद्दों को लेकर कई बार राहुल गांधी को पत्र लिखे, लेकिन आज तक किसी भी पत्र का जवाब नहीं मिला। उनका कहना है कि जब कार्यकर्ताओं की बात शीर्ष नेतृत्व तक नहीं पहुंचती, तो संगठन में विश्वास कमजोर होता है।
अपने आरोपों को आगे बढ़ाते हुए यादव ने प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी पर पंजाब में टिकट वितरण को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि ऐसे आरोपों के बावजूद उन्हें मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच गलत संदेश गया।
राकेश यादव का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब मध्य प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कोशिशें जारी हैं। ऐसे में एक वरिष्ठ नेता का इस तरह सार्वजनिक रूप से नेतृत्व पर सवाल उठाना पार्टी के भीतर चल रहे असंतोष को उजागर करता है। हालांकि, राकेश यादव द्वारा लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

