Punjab Kesari MP ads

किसको मिलेगा भाजयुमो जिलाध्यक्ष का पद, ये 8 नाम सबसे ज्यादा मजबूत, जल्द हो सकती है घोषणा

Tuesday, Sep 22, 2026-09:38 PM (IST)

इंदौर : इंदौर ग्रामीण बीजेपी में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जिलाध्यक्ष पद के लिए करीब आठ नामों की दावेदारी सामने आई है। खास बात यह है कि इस बार सबसे ज्यादा दावेदार महू, राऊ और सांवेर विधानसभा क्षेत्र से हैं। दावेदारों ने संगठन के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क बढ़ाने के साथ अपने-अपने राजनीतिक समीकरण भी साधने शुरू कर दिए हैं।
दरअसल, बीजेपी प्रदेश संगठन ने जिला इकाइयों में विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के गठन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत इंदौर ग्रामीण युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष के लिए नाम जुटाए गए हैं। जिला स्तर पर मंथन के बाद दावेदारों का पैनल तैयार कर भोपाल भेज दिया गया है। संभाग प्रभारी रणवीर रावत ने भी इसकी पुष्टि की है। अब भोपाल में नाम पर सहमति बनने के बाद अंतिम मुहर लगेगी।

इस बार OBC चेहरे को मौका मिलने की चर्चा भी तेज है। वर्तमान में मनोज सिंह ठाकुर ग्रामीण युवा मोर्चा अध्यक्ष हैं, जबकि इससे पहले श्रवण सिंह चावड़ा भी इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अगर प्रमुख दावेदारों की बात करें तो महू से महेश यादव का नाम चर्चा में है। उन्हें विधायक उषा ठाकुर के समर्थन से जोड़कर देखा जा रहा है।

वहीं सांवेर से अजय पंवार और दिलीप दरबार की दावेदारी सामने आई है। अजय पंवार को मंत्री तुलसीराम सिलावट के समर्थन की चर्चा है। अजय पंवार शहरी क्षेत्र से आते हैं, लेकिन ग्रामीण युवा मोर्चा के लिए दावेदारी कर रहे हैं। उन्हें पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा का समर्थन मिलने की भी चर्चा है। राऊ से बात करें तो विजेंद्र जाट की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। उनके लिए भाजपा नेता जीतू जिराती और वर्तमान युवा मोर्चा अध्यक्ष मनोज सिंह ठाकुर प्रयास कर रहे हैं। इसके अलावा उमंग गुर्जर, आशीष सालवी और अजय यादव के नाम भी चर्चा में हैं। वहीं बेटमा क्षेत्र से विकास ठाकुर का नाम भी तेजी से सामने आया है। वे विधायक मनोज पटेल के खेमे से आत हैं। अब सभी की नजरें भोपाल पर टिकी हैं कि इन नामों में से किस चेहरे पर पार्टी नेतृत्व भरोसा जताता है और इंदौर ग्रामीण युवा मोर्चा की कमान किसे मिलती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News