MP में पूर्व मंत्री एवं BJP जिलाध्यक्ष का बड़ा भाई गिरफ्तार, लगे गंभीर आरोप; जानिए क्या है पूरा मामला
Tuesday, Sep 22, 2026-12:04 PM (IST)
MP desk: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के चर्चित ‘चावल कांड’ मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। एमपी के पूर्व मंत्री एवं BJP जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे के बड़े भाई कुमार कावरे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोमवार को उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले में यह 20वीं गिरफ्तारी की गई है।
जानकारी के अनुसार, बीते रविवार को पुलिस ने राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र स्थित रचना टावर से कुमार कावरे को हिरासत में लिया था। वह राइस मिल संचालक है। आरोपी एमपी के पूर्व मंत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे के बड़े भाई है। दरअसल, यह पूरा मामला छिंदवाड़ा स्थित एवीजे एग्रो एथेनॉल प्लांट में 5,459 मीट्रिक टन सरकारी चावल के गबन और अवैध परिवहन से जुड़ा हुआ है। मामले का खुलासा जून महीने में उस वक्त हुआ था, जब वारासिवनी स्थित संचेती राइस मिल से दो ट्रक सरकारी चावल जब्त किए गए थे।
मामले में जांच आगे बढ़ने पर पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे के परिवार की हर्ष राइस मिल (टेकाड़ी) का नाम सामने आया। आरोप में पूर्व मंत्री के भतीजे अविनाश कावरे, करीबी विनोद शर्मा और गोपाल ठाकुर समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, कुमार कावरे की गिरफ्तारी इस बहुचर्चित घोटाले में 20वीं गिरफ्तारी है।

