ट्रक में जा घुसी कार, 3 CRPF जवान समेत 4 लोगों की मौत, गाड़ी में फंसी लाशें, होली मनाने घर जा रहे थे जवान
Saturday, Feb 14, 2026-02:08 PM (IST)
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। अर्जुनी थाना क्षेत्र के खपरी बायपास पर तेज रफ्तार कार सामने चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में CRPF के तीन जवानों और ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसे रायपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि ये जवान होली के त्योहार के लिए अपने घर जा रहे थे।

मृतकों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार, एसआई उमेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल राजकुमार गौड़ और ड्राइवर हीरालाल नागर के रूप में हुई है। घायल जवान अभिमान राय का इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी जवान जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। धमतरी पहुंचने पर खपरी बायपास के पास उनकी कार ट्रक के पीछे घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह पिचक गई और एयरबैग खुलने के बावजूद उसमें सवार लोगों की जान नहीं बच सकी।
हादसे के बाद शव और घायल कार में फंसे रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन, कटर और सब्बल की मदद से कार की बॉडी काटकर सभी को बाहर निकाला। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां ड्राइवर और एक जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही CSP अभिषेक चतुर्वेदी, एडिशनल SP शैलेंद्र पांडेय और CRPF के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें मॉर्चुरी में रखवा दिया है। परिजनों को सूचना दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।

