50% टैक्स छूट के चलते लग्जरी कारों की भारी डिमांड लग्जरी कारें, व्रिकमादित्य मेले में BMW-मर्सिडीज जैसी कारें बेहद सस्ती

Tuesday, Feb 17, 2026-01:51 PM (IST)

उज्जैन: धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए प्रसिद्ध उज्जैन अब ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी नई आर्थिक रफ्तार दर्ज कर रहा है। प्रदेश शासन द्वारा आयोजित विक्रम व्यापार मेला 2026 में दोपहिया, कार और हल्के वाहनों पर लाइफटाइम मोटरयान कर में 50 प्रतिशत की छूट लागू की गई है। यह छूट 15 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी।

छूट का असर मेले के पहले ही दिन देखने को मिला, जब रिकॉर्ड 501 वाहनों की बिक्री दर्ज की गई। इसमें 136 दोपहिया, 340 चारपहिया और 25 अन्य हल्के वाहन शामिल हैं। आरटीओ संतोष मालवीय के अनुसार 16 फरवरी को भौतिक सत्यापन और कर निर्धारण के बाद यह पंजीयन दर्ज हुआ।

ऑन-रोड कीमत में भारी कमी
लाइफटाइम टैक्स, जो वाहन पंजीयन के समय एकमुश्त लिया जाता है, उसमें 50% की छूट मिलने से ऑन-रोड कीमत में बड़ी कमी आई है। इससे उपभोक्ताओं की खरीद क्षमता बढ़ी है और डीलरशिप स्तर पर बुकिंग एवं डिलीवरी की प्रक्रिया तेज हो गई है।

लग्जरी कारों की डिमांड बढ़ी
छूट लागू होने के बाद लग्जरी कारों की मांग में भी उछाल आया है। मेले में BMW, Mercedes-Benz और Jaguar जैसे ब्रांडों के प्रति ग्राहकों की रुचि बढ़ी है। पिछले मेलों में 3 करोड़ रुपये तक की कीमत वाले वाहन भी बिक चुके हैं, जो बाजार की मजबूत क्रय क्षमता को दर्शाता है।

पिछले वर्षों के रिकॉर्ड भी टूटने की उम्मीद
इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में आयोजित मेले में 124 चारपहिया और 40 दोपहिया वाहनों के अस्थायी आउटलेट लगाए गए हैं। सोमवार को 450 से अधिक वाहनों की बिक्री हुई, जबकि रविवार को शुभारंभ के दिन ही 41 वाहन बिक गए थे।

पिछले वर्षों के आंकड़े भी तेजी दिखाते हैं…  
2024: 5797 दोपहिया, 17908 चारपहिया, कुल 23705 वाहन बिक्री।
2025: 7772 दोपहिया, 28451 चारपहिया, कुल 36225 वाहन बिक्री। शासन को 186.58 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ और बराबर राशि की छूट दी गई। अधिकारियों का मानना है कि इस वर्ष का मेला पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ सकता है।

आर्थिक गतिविधियों को मिल रही गति
विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रकार की कर रियायतें ऑटोमोबाइल सेक्टर में डिमांड जनरेशन, अग्रिम कर संग्रह और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बनती हैं। विक्रमोत्सव मेला अब उज्जैन में ऑटोमोबाइल रजिस्ट्रेशन का पीक सीजन बनता जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News