Heavy Rain Alert: MP में दो दिन भारी बारिश का मचाएगी कहर, इस जिले में अब भी कड़ाके की ठंड, IMD ने जारी किया अलर्ट
Monday, Feb 16, 2026-01:15 PM (IST)
भोपाल: पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग IMD ने 18 और 19 फरवरी को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और नीमच जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल और इंदौर में बादल छाए रहने के आसार हैं। वहीं आपको बता दें कि उज्जैन संभाग में भी नए सिस्टम का असर बड़ा असर देखने को मिल सकता है।
रविवार को प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। खंडवा और खरगोन में दिन का तापमान 34 डिग्री के पार पहुंच गया। दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, इंदौर, रायसेन, रतलाम, उज्जैन, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, सतना और उमरिया में भी पारा 30 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। वहीं रात के तापमान में ठंडक बनी हुई है। कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। पचमढ़ी में 9.2 डिग्री, कल्याणपुर में 9.4 डिग्री और रीवा में 9.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। बड़े शहरों में इंदौर 11.5 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि ग्वालियर 11.7, भोपाल 13, उज्जैन 13.5 और जबलपुर 14.3 डिग्री पर रहा।
फरवरी में तीसरी बार बदलेगा मौसम
फरवरी की शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार बारिश, ओलावृष्टि और आंधी का दौर आ चुका है, जिससे फसलों को नुकसान हुआ था। अब तीसरी बार फिर से बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 16 फरवरी से सक्रिय हो रहा नया सिस्टम उत्तर-पश्चिम भारत के साथ मध्य प्रदेश को भी प्रभावित करेगा। फिलहाल रात और सुबह के समय हल्की सर्दी का असर रहेगा, जबकि दिन में तापमान 30 डिग्री के पार बना रह सकता है।

