आज से भीगने के लिए तैयार रहे मध्य प्रदेश, इन जिलों में बारिश का अलर्ट,जाने अपने जिले का हाल
Sunday, Mar 29, 2026-02:10 PM (IST)
(भोपाल): मध्य प्रदेश में मौसम करवट लेने वाला है। अगले कुछ दिनों के लिए आसमान से पानी बरसने वाला है। इस बारिश से प्रदेश के लोगों को जहां गर्मी से निजात मिलेगी वहीं मौसम में ठंडक भी लौटेगी। जी हां दरअसल आज यानी की 29 मार्च से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण आज 29 मार्च से 1 अप्रैल तक मध्य प्रदेश में मौसम का बदलता रुप देखने को मिलेगा।
29 मार्च से 1 अप्रैल तक बरसेगा अंबर
मध्य प्रदेश में बादल और बारिश की स्थिति बनी रहेगी, जिससे भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में मौसम का बदला रुप देखने को मिलेगा। इस दौरान ग्वालियर-चंबल में कहीं-कहीं ओले गिरने की भी संभावना भी जताई गई है, जबकि तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। इस दौरान दो दिनों में तापमान में भी गिरावट आने का अनुमान है।
1 अप्रैल तक है बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केन्द्र, भोपाल के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय परिसंचरण के चलते ये बदलाव देखने को मिलेगा। जो ये स्तिथि बनी है उसके मुताबिक 31 मार्च तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग जिलों में बादलों के गड़गड़ाने के साथ बारिश की संभावना रहेगी। फिर 1 अप्रैल से इस सिस्टम का प्रभाव कम होगा।
इन जिलों में है बारिश का अलर्ट
आज 29 मार्च को गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया और शिवपुरी, में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है जबकि इंदौर, उज्जैन और मालवा-निमाड़ में बूंदाबांदी के आसार है।
वहीं कल 30 मार्च सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, सतना, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, सागर, रायसेन, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, सीहोर, राजगढ़, शाजापुर, देवास, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर में बारिश का अलर्ट है
जबकि 31 मार्च मंगलवार को भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, रायसेन, सागर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में ये संभावना है।

