‘ऐतियात’ अभियान से बदलेगा दंतेवाड़ा का माहौल: पुलिस-जनता की साझेदारी से मजबूत होगी कानून व्यवस्था
Monday, Feb 23, 2026-07:37 PM (IST)
दंतेवाड़ा (पुष्पेंद्र सिंह): Dantewada जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा आमजन और पुलिस के बीच सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘ऐतियात’ नाम से सामुदायिक पुलिसिंग अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक गौरव रॉय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत बचेली पुलिस ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। कार्यक्रमों में साइबर अपराध, नशामुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन और सामाजिक सौहार्द जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
साथ ही साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए www.cybercrime.gov.in पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास ही सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज की मजबूत नींव है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर इस पहल की सराहना की। दंतेवाड़ा पुलिस का ‘ऐतियात’ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और भरोसे का माहौल और मजबूत हो सके।

