दिल्ली से BJP बॉस ने की अहम नियुक्तियां, इनको मिली MP में प्रभारी और सह प्रभारी की कमान
Wednesday, Sep 23, 2026-03:48 PM (IST)
भोपाल : भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश संगठन में बड़ी नियुक्ति की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मध्य प्रदेश के नए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी की नियुक्ति कर दी है। हाईकमान ने भाजपा के वरिष्ठ नेता बिप्लब कुमार देब को मध्य प्रदेश का प्रदेश प्रभारी बनाया है, जबकि रेखा वर्मा को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी ने विभिन्न राज्यों के निम्नलिखित प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्तियां की है। pic.twitter.com/GKiqs2epmP
— BJP Madhya Pradesh (@BJP4MP) September 23, 2026
बता दें कि बिप्लब कुमार देब त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वे 2018 में हुए त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भाजपा के जीत के सूत्रधार हैं। उन्होंने 9 मार्च 2018 को त्रिपुरा के दसवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में वे त्रिपुरा पश्चिम सीट से सांसद चुने गए। भाजपा के मौजूदा राष्ट्रीय संगठन में उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं रेखा वर्मा की बात करें तो वे उत्तर प्रदेश की नेता हैं और धौरहरा लोकसभा सीट से दो बार सांसद रह चुकी हैं। हाल ही में उन्हें भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। अब उन्हें मध्य प्रदेश में सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
इन नियुक्तियों के साथ अब मध्य प्रदेश भाजपा संगठन में केंद्रीय नेतृत्व की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है। नए प्रभारी और सह प्रभारी के सामने प्रदेश संगठन को और मजबूत करने के साथ आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक चुनौतियों की जिम्मेदारी होगी।
मध्य प्रदेश में भाजपा संगठन में लगातार हो रहे बदलावों के बीच इन नियुक्तियों को काफी अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि नए प्रदेश प्रभारी विप्लब कुमार देब और सह प्रभारी रेखा वर्मा किस तरह प्रदेश संगठन के साथ तालमेल बनाकर आगे की रणनीति को अमलीजामा पहनाते हैं।

