बस्तर 2.0 का बिग प्लान: CM साय ने पीएम मोदी को दिया न्योता, नक्सलमुक्त धरती पर विकास का महाविजन तैयार
Tuesday, Apr 07, 2026-06:20 PM (IST)
दिल्ली/रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात कर बस्तर के समग्र विकास का एक व्यापक ब्लूप्रिंट पेश किया और उन्हें मानसून के बाद बस्तर दौरे के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव से उबरकर अब बस्तर शांति और विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। इस अवसर पर उन्होंने ‘बस्तर 2.0’ विजन के तहत पर्यटन, स्टार्टअप, बुनियादी ढांचे और नवाचार पर आधारित 360 डिग्री विकास योजना प्रधानमंत्री के समक्ष रखी। इस योजना में सड़कों, पुलों, रेल लाइन, एयरपोर्ट विस्तार, स्वास्थ्य और शिक्षा संस्थानों के निर्माण के साथ-साथ ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधूरे कार्यों को 2027 तक पूरा करने के साथ 228 नई सड़कों और 267 पुलों के निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और एजुकेशन सिटी जैसे बड़े प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं। वहीं युवाओं के लिए स्टेडियम, मल्टीपर्पज हॉल और कौशल विकास योजनाओं के जरिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। कृषि और सिंचाई को मजबूत करने के लिए इंद्रावती नदी पर बड़े प्रोजेक्ट्स के माध्यम से हजारों हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा देने की योजना है। साथ ही सरकार का लक्ष्य 2029 तक 85% परिवारों की आय दोगुनी करने का है।
पर्यटन के क्षेत्र में चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी नेशनल पार्क जैसे स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए एडवेंचर टूरिज्म और नई परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में बस्तर का यह विकास मॉडल क्षेत्र को नई पहचान देगा और प्रस्तावित दौरा बस्तर के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित होगा।

