BJP को मिला नया राष्ट्रीय नेतृत्व: नितिन नबीन बने राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

Tuesday, Jan 20, 2026-02:07 PM (IST)

रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी के रूप में श्री नितिन नबीन की सटीक रणनीति, मजबूत संगठन क्षमता और अनुशासित कार्यशैली ने प्रदेश में भाजपा संगठन को नई धार दी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नबीन के नेतृत्व में वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के कुशासन को निर्णायक रूप से पराजित कर भाजपा ने ऐतिहासिक प्रचंड बहुमत हासिल किया। यही संगठनात्मक मजबूती आगे चलकर लोकसभा चुनाव 2024 और स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की अभूतपूर्व विजय का आधार बनी। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक कार्यकर्ताओं में विश्वास, अनुशासन और कर्तव्यबोध स्थापित करना श्री नितिन नबीन की कार्यशैली की विशेष पहचान रही है। इसके चलते भाजपा छत्तीसगढ़ में एक सशक्त, संगठित और जनविश्वास से परिपूर्ण राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वास जताया कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में श्री नितिन नबीन का अनुभव, ऊर्जा और संगठन कौशल पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा तथा जनसेवा, विकास और राष्ट्रनिर्माण की भाजपा की विचारधारा को और अधिक सशक्त बनाएगा। अंत में मुख्यमंत्री ने उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए पुनः बधाई देते हुए सफल और यशस्वी कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News