BJP सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने रेप पीड़िता को ही ठहरा दिया कसूरवार, कहा- ‘नौकरी के लालच में खुद का समर्पण किया’

Monday, May 23, 2022-06:40 PM (IST)

भोपाल(विवान तिवारी): अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहने वाली BJP सांसद साध्वी प्रज्ञा ने एक बार फिर से सुर्खियों में है। सांसद ने एक रेप मामले में पीड़ित को ही दोषी बताते हुए कहा कि दुष्कर्म मामले में आरोपी के साथ साथ पीड़िता भी उतनी ही दोषी है क्योंकि पीड़िता ने नौकरी के लालच में महिला ने खुद को इस काम के लिए सौंपा था।

PunjabKesari

शनिवार को भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर शहर में आयोजित ट्रेन कंट्रोलरों के अधिवेशन में पहुंची थी। इस दौरान मंच से बोलते हुए साध्‍वी प्रज्ञा ने एडीआरएम गौरव सिंह पर दर्ज दुष्‍कर्म प्रकरण का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लालच में आकर महिला ने खुद को एक से डेढ़ वर्ष तक उस अधिकारी को सौंप दिया। फिर दुष्कर्म का आरोप लगा रही है, यह गलत है। इसमें कहीं न कहीं महिला की भी सहमति और गलती थी। ऐसा नहीं करना था, जो कुछ हुआ उससे रेलवे की छवि धूमिल हुई है। जिस संस्था में हम काम करते हैं, उसके साथ हमें ऐसा नहीं करना चाहिए। उसके सम्मान का ध्यान रखना चाहिए। क्योंकि जिस संस्था में काम करते हैं वह हमारी माता के सामान होती है। जब हम स्नेह रखकर अपनी संस्था के लिए काम करते हैं तो हमें भी उसका स्नेह उतना ही मिलता है। ऐसी मां बदनाम न हो, इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए। किसी भी पुरुष को, पुरुष होने की सजा नहीं मिलनी चाहिए।

ये है मामला
एडीआरएम गौरव सिंह पर पिछले दिनों भोपाल रेल मंडल की एक महिला रेलकर्मी ने दुष्कर्म के आरोप लगाए थे और हाथ की नस काट ली थी। इस पूरे मामले में पीड़ित महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि मार्च 2021 से एडीआरएम गौरव सिंह उसका शारीरिक शोषण कर रहे थे। जिसके बाद एडीआरएम पर दुष्कर्म का केस भी दर्ज हो चुका है और पुलिस जांच कर रही है। वहीं रेलवे ने एडीआरएम का भोपाल रेल मंडल से 1400 किलोमीटर दूर चेन्नई तबादला कर दिया हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News