Punjab Kesari MP ads

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल, 9 दिनों में 72% लक्ष्य हासिल कर बनाया रिकॉर्ड

Sunday, Jun 28, 2026-06:01 PM (IST)

रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के विशेष अभियान में देशभर में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। 15 जून से 15 जुलाई तक चल रहे इस अभियान के शुरुआती मात्र 9 दिनों में राज्य ने निर्धारित लक्ष्य का 72 प्रतिशत पूरा कर लिया है।

राज्य ने न केवल गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के पंजीयन में देश में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है, बल्कि प्री-रजिस्टर्ड हितग्राहियों के निराकरण में भी सभी राज्यों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस अभियान में जिला जांजगीर-चांपा ने 96 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर पूरे प्रदेश में टॉप प्रदर्शन किया है। यह उपलब्धि महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों और मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों का परिणाम बताई जा रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस उपलब्धि पर विभागीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे सुरक्षित मातृत्व, बेहतर पोषण और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिलता है। सरकार ने पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे 15 जुलाई तक चल रहे विशेष अभियान में अपना पंजीयन अवश्य कराएं ताकि उन्हें योजना का पूरा लाभ मिल सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News