गोवर्धन पूजा पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया गौपूजन, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना

Wednesday, Oct 22, 2025-08:21 PM (IST)

रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास रायपुर स्थित गौशाला में गौमाता की पूजा-अर्चना की। उन्होंने गौमाता को खिचड़ी खिलाकर गोसेवा की परंपरा निभाई और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामना की।

गोवर्धन पूजा प्रकृति और पर्यावरण के प्रति आभार का पर्व- CM
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण के प्रति आभार व्यक्त करने का पावन पर्व है। यह हमें अन्न, जल और पशुधन के महत्व की याद दिलाता है।’ उन्होंने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पर्व हमें संवेदनशीलता, कृतज्ञता और संरक्षण की भावना सिखाता है।

गौसेवकों को सम्मानित किया, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पूजन के बाद प्रसाद वितरण के दौरान मुख्यमंत्री साय ने गौसेवकों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने गौसेवा में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ‘गौवंश की रक्षा और संरक्षण के कार्य में सभी को आगे आना चाहिए। गाय हमारी संस्कृति, आस्था और अर्थव्यवस्था तीनों की आधारशिला है।’ मुख्यमंत्री ने गौशाला की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया, जहां गौसेवकों ने उन्हें बताया कि गौवंश की देखरेख के सभी प्रबंध सुदृढ़ हैं।

गाय, अन्न और धरती का सम्मान, हमारी संस्कृति की आत्मा- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “छत्तीसगढ़ की मिट्टी में गोसेवा और प्रकृति पूजन की भावना गहराई से रची-बसी है। गाय, अन्न और धरती का सम्मान करना उस मातृशक्ति को प्रणाम करना है, जिससे हमारा जीवन जुड़ा है।” उन्होंने जोड़ा कि जब हम इन्हें नमन करते हैं, तब हम अपनी संस्कृति की जड़ों और आत्मा की गहराइयों को स्पर्श करते हैं।

राज्य सरकार गोसेवा को ग्रामीण विकास की धुरी बना रही है- साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गौसेवा को ग्रामीण विकास की धुरी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। गाय केवल पूजनीय नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की शक्ति भी है। छत्तीसगढ़ में गोसेवा और प्रकृति संरक्षण से ग्राम अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vikas Tiwari

Related News