''मन की बात'' पर CM विष्णु देव साय का बड़ा बयान, बोले- विकसित भारत के संकल्प को मिल रही नई ताकत
Sunday, Jun 28, 2026-05:46 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' की 135वीं कड़ी सुनी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 'मन की बात' आज जनता और नेतृत्व के बीच संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुकी है, जो विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देने के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा भी दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने देशभर के नवाचारों, जनभागीदारी और प्रेरणादायी प्रयासों को देशवासियों के सामने लाते हैं। इससे समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है और लोगों को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि 'मन की बात' में कई बार छत्तीसगढ़ के नवाचारों और उपलब्धियों का उल्लेख होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री ने आगामी गणेशोत्सव पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मिट्टी से बनी भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करने की अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और वर्षा जल संरक्षण जैसे विषयों पर विशेष जोर देते हुए जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मेघालय के लिविंग रूट ब्रिज, असम की महिलाओं की हरगिला आर्मी, नागालैंड की बेबी लीग और वुमन फुटसाल लीग, नालंदा विश्वविद्यालय की भारतीय ज्ञान परंपरा और मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में महिलाओं द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट से सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने जैसी पहलों का उल्लेख कर देशभर के प्रेरणादायक प्रयासों को सामने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान, तर्क और जागरूकता के माध्यम से अंधविश्वास को समाप्त करना, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना आज समय की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री का यह संदेश समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

