CM मोहन की ढाल बनकर आए BJP प्रदेशाध्यक्ष, दिया बड़ा बयान, कह दी ये बात
Wednesday, Jun 24, 2026-03:16 PM (IST)
भोपाल: (इजहार खान): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगाए गए भूमि संबंधी आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए उन्हें निराधार, तथ्यहीन और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता जानबूझकर भ्रम फैलाकर मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। खंडेलवाल के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वर्ष 2023 में नामांकन के समय घोषित 17 एकड़ भूमि में अब तक कोई परिवर्तन नहीं हुआ है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की पत्नी सीमा यादव के नाम दर्ज 12.29 एकड़ भूमि रिकॉर्ड में भी किसी प्रकार का बदलाव नहीं हुआ है। सिद्धिविनायक कंपनी को लेकर लगाए गए आरोपों को भी उन्होंने गलत बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 में ही कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया था।
खंडेलवाल ने दावा किया कि कंपनी के पास वर्ष 2023 में 68 एकड़ भूमि दर्ज थी, जो बाद में घटकर 65 एकड़ रह गई, लेकिन इसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव की कोई भूमिका नहीं है। इसी तरह मुख्यमंत्री के पुत्र वैभव यादव के नाम 16 एकड़ भूमि में भी मुख्यमंत्री बनने के बाद कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि संबंधित सभी भूमि मास्टर प्लान लागू होने से पूर्व की है, जबकि पुत्रवधू शालिनी यादव द्वारा खरीदी गई 10 एकड़ कृषि भूमि मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर स्थित है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार को लेकर लगाए जा रहे आरोपों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है और परिवार के अन्य सदस्य अपने स्वतंत्र रूप से कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के विकास, किसान कल्याण और औद्योगिक प्रगति के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। कांग्रेस विकास के मुद्दों पर मुकाबला करने में असफल होने के कारण इस प्रकार के आरोप लगाकर सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। खंडेलवाल ने यह भी टिप्पणी की कि पिछड़े वर्ग से आने वाले लोकप्रिय नेताओं के खिलाफ पहले भी इस तरह के राजनीतिक षड्यंत्र होते रहे हैं, लेकिन जनता सच्चाई से भली-भांति परिचित है।

