फिर से राज्यसभा नहीं जाने को लेकर दिग्विजय सिंह ने बताई असली वजह,मीनाक्षी नटराजन पर दिया बड़ा बयान
Sunday, Jun 07, 2026-01:32 PM (IST)
(डेस्क):मध्यप्रदेश में राज्यसभा की 3 सीटों के लिए बिगुल बज चुका है और भाजपा के साथ ही कांग्रेस भी रणनीति में जुट चुकी है। राज्यसभा की तीसरी सीट पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के मना करने के बाद ज्यादा चर्चा में हैं। इसी सीट पर कांग्रेस में काफी घमासान हो रहा है लेकिन अब दिग्विजय सिंह ने एक बडी बात बोली है।
कांग्रेस में मुझे बहुत कुछ दिया है- दिग्विजय
अपनी राज्यसभा सीट छोड़ने पर एक नया बयान दिग्विजय सिंह का सामने आया है। दिग्गी बाबू ने कहा है कि मुझे कांग्रेस ने 5 बार विधानसभा भेजा है, दो बार मुख्यमंत्री बनाया है , 2 बार लोकसभा भेजा है जबकि 2 बार राज्य सभा जा चुका है। अब नए लोगों को मौक़ा मिलना चाहिए। पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है और अब हम सब मिलकर मीनाक्षी नटराजन को दमखम के साथ जीताकर राज्य सभा भेजेंगे।
राजधानी भोपाल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक
वहीं कल राज्यसभा चुनाव को लेकर राजधानी भोपाल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई । जहां पर तीसरी सीट को लेकर चर्चा हुई है। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, मीनाक्षी नटराजन, जीतू पटवारी, और विधायक शामिल हुए। जानकारी के मुताबिक इस मीटिंग में सभी विधायकों से साइन करवाए गए हैं जिसको लेकर चर्चाएं शुरु हो गई है। साइन किस कारण करवाए गए ये क्लीयर नहीं हुआ है। इसे क्रॉस वोटिंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है। इस बैठक में कांग्रेस के 2 विधायक गैरहाजिर रहे। वहीं दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा करते हुए कहा कि मीनाक्षी नटराजन को वो राज्यसभा पहुंचाकर रहेंगे.

