Punjab Kesari MP ads

67 लाख दिए, फिर भी नहीं मिली जमीन.. खरगोन में किसान की दर्दनाक मौ.त, कीटनाशक पीकर की जिंदगी खत्म

Tuesday, Apr 21, 2026-03:05 PM (IST)

खरगोन (रामेश्वर बडोले): जिले के गोगांवा थाना क्षेत्र के रेहगांव गांव में एक किसान द्वारा कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक किसान सालगराम यादव ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया, जिसमें उन्होंने जमीन के लेनदेन और पैसों को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

वीडियो में किसान ने बताया कि उसने 7 एकड़ कृषि भूमि खरीदने के लिए गांव के ही सुरेश यादव को 45 लाख रुपये और जमीन मालिक गुप्ता को 22 लाख रुपये देने की बात कही थी। इसके बावजूद उसे जमीन का पूरा अधिकार नहीं मिल पाया, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद मृतक के परिजनों और यादव समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने गोगांवा पुलिस थाने का घेराव कर दिया और स्पष्ट कहा कि जब तक आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि जमीन की रजिस्ट्री कराई जाए और 45 लाख रुपये वापस दिलाए जाएं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सुरेश यादव और उसके पुत्र कमलेश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच मृतक के वायरल वीडियो और बयानों के आधार पर की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News