राज्य में फिर से कांग्रेस की वापसी होगी…भाजपा MLA के वायरल Audio पर पूर्व CM बोले- उनसे पुराने राजनीतिक संबंध, दिल की बात जुबां पर आ गई
Wednesday, May 27, 2026-05:15 PM (IST)
डेस्क : छत्तीसगढ़ बीजेपी की सीनियर नेता और भरतपुर-सोनहत विधानसभा सीट से विधायक रेणुका सिंह के एक वायरल ऑडियो ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में सियासी भूचाल ला दिया है। यह वायरल ऑडियो भाजपा विधायक रेणुका सिंह का बताया जा रहा है कि जिसमें छत्तीसगढ़ के सीएम को बदलने की बात की जा रही है। हालांकि भाजपा नेत्री ने इसे एआई (AI) जनरेटिड बताया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस पूरे मामले पर तंज कसा है और भाजपा की गुटबाजी पर सवाल उठाए हैं।
क्या है वायरल ऑडियो में
दरअसल, सोशल मीडिया पर दो ऑडियो क्लिप्स ने धमाल मचा रखी है। जिन्हें भाजपा विधायक रेणुका सिंह का बताया जा रहा है। वायरल ऑडियो कहा जा रहा है कि - अगली बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और भूपेश बघेल फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। वहीं दूसरे ऑडियो क्लिप में भाजपा जिला महामंत्री मनोज साहू पर सवाल उठाए हैं। सूत्रों की मानें तो मनोज साहू ने सुशासन तिहार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय के सामने रेणुका सिंह की शिकायत की थी जिससे नाराज रेणुका सिंह ने ऑडियो के जरिए भड़ास निकाली है।
ऑडियो AI जनरेटेड - रेणुका सिंह
वहीं विधायक रेणुका सिंह ने दोनों ऑडियो को पूरी तरह फर्जी और AI जनरेटेड बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। दोनों ऑडियो एआई से एडिटिड है और आधुनिक तकनीक का गलत इस्तेमाल कर उनकी आवाज से छेड़छाड़ की गई है। रेणुका सिंह ने बताया कि मामले को लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
दिल की बात जुबां पर आ गई- भूपेश बघेल
भूपेश बघेल ने रेणुका सिंह के इस कथिड ऑडियो को भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी बताया। उन्होंने कहा कि रेणुका के साथ पुराने राजनीतिक संबंध हैं। हम लोग लंबे समय तक विधानसभा में साथ रहे हैं। रेणुका सिंह लोकसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रह चुकी हैं, लेकिन इन दिनों वे विधानसभा में कम नजर आती हैं और नाराज रहती हैं। भूपेश ने तंज कसते हुए कहा कि मुझे तो लगता है कि जो उनके दिल में था, वही जुबां पर आ गया। वहीं उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब तक AI तकनीक का इस्तेमाल वीडियो में देखा जाता था, लेकिन अब ऑडियो में भी होने लगा है। अगर किसी की आवाज में कोई और बोल रहा है और उसे AI बताया जा रहा है, तो यह बेहद गंभीर मामला है। साथ ही उन्होंने मांग की कि यदि सच में ही यह ऑडियो AI से बनाया गया है, तो तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।

