BJP में खंडेलवाल युग का आग़ाज़! चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने की औपचारिक घोषणा
Wednesday, Jul 02, 2025-01:23 PM (IST)

भोपाल : मध्य प्रदेश में भाजपा के नए अध्यक्ष का ऐलान हो गया है। हेमंत खंडेलवाल MP BJP के नए कप्तान होंगे। खंडेलवाल ने मंगलवार को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया था। इस पद के लिए नामांकन दाखिल करने वालों में वह एकमात्र उम्मीदवार थे। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को बैतूल से विधायक खंडेलवाल को भाजपा का नया राज्य प्रमुख घोषित किया। इस अवसर पर खजुराहो के सांसद एवं भाजपा के निवर्तमान प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और वीरेंद्र कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे। शर्मा ने 2020 में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष का पद संभाला था। इससे पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय में नामांकन पत्र जमा किया था। यादव ने ही खंडेलवाल के नाम का प्रस्ताव रखा था।
बुधवार को धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि PM मोदी के नेतृत्व में 11 साल में तीसरी बार केंद्र में सरकार बनी है। एमपी की स्थिति बीजेपी की सरकार ने बदली है। उन्होंने कहा कि डॉ मोहन के नेतृत्व में सरकार चलाई जा रही है। शिवराज सिंह चौहान देश की सेवा कर रहे हैं। माखन सिंह से लेकर हितानंद तक हमारे कुशल संघटक हैं। हेमंत खंडेलवाल नाम का नया अध्याय आज से जुड़ रहा है। हेमंत खंडेलवाल सहज और गंभीर व्यक्तित्व के धनी हैं। वे निष्ठवासी और किसी को कष्ट न देने वाले नेता हैं। पीएम मोदी और जेपी नड्डा की ओर से धर्मेंद्र प्रधान ने हेमंत खंडेलवाल को शुभकामनाएं दी। वहीं हेमंत खंडेलवाल ने बीजेपी अध्यक्ष बनने पर एमपी के कार्यकर्ताओं का आभार जताया हैं।
जानिए कौन है हेमंत खंडेलवाल ?
हेमंत खंडेलवाल का जन्म 2 सितंबर 1964 को उत्तरप्रदेश के मथुरा में हुआ। वे पूर्व सांसद विजय कुमार खंडेलवाल के बेटे है। उन्होंने बी.कॉम, एलएलबी, जेएच गवर्नमेंट कॉलेज, बैतूल से शिक्षा ग्रहण की है। वे संघ पृष्ठभूमि से आते हैं। उनकी संघ के अलावा पार्टी संगठन में भी मजबूत पकड़ है। वे एक बार सांसद और बैतूल विधानसभा से दो बार के विधायक हैं। वर्तमान में कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। उनके पिता विजय कुमार बैतूल लोकसभा से तीन बार सांसद रह चुके हैं। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि राजनीति उनकी काफी मजबूत पकड़ है। पिता के निधन के बाद हेमंत ने बैतूल लोकसभा से उपचुनाव लड़ा और निर्वाचित होकर सांसद बने। इसके बाद वह बैतूल विधानसभा से दूसरी बार के विधायक हैं।