Punjab Kesari MP ads

खड़े हनुमान मंदिर को लेकर हिंदू समाज का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, कहा- सीने पर गोली खाने की तैयार

Wednesday, Sep 16, 2026-05:01 PM (IST)

उज्जैन (विशाल सिंह) : उज्जैन के सराफा बाजार स्थित खड़े हनुमान मंदिर को मार्ग चौड़ीकरण के दौरान यथास्थान रखने की मांग को लेकर बुधवार को सकल हिंदू समाज ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। मंदिर से कंठाल चौराहे तक करीब एक किलोमीटर के क्षेत्र में हजारों श्रद्धालु जुटे। आयोजकों के मुताबिक, प्रदर्शन में पांच हजार से अधिक लोग शामिल हुए। इनमें साधु-संतों के साथ महिलाएं और बच्चे भी मौजूद रहे।

PunjabKesari

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और जय श्रीराम के जयकारे लगाए। साधु-संतों ने मंच से खड़े हनुमान मंदिर को यथास्थान रखते हुए भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प दिलाया।

PunjabKesari

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि मार्ग चौड़ीकरण के दौरान हनुमानजी की प्रतिमा को दूसरी जगह विस्थापित न किया जाए। संतों और आयोजकों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रतिमा हटाने का प्रयास किया गया तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। विहिप नेता महेश आंजना ने कहा कि मांग नहीं मानी गई तो अगली बार 50 हजार लोगों को जुटाया जाएगा।

PunjabKesari

सर्व समाज की ओर से एसडीएम एलेन गर्ग को बाबा महाकालेश्वर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रतिमा को यथास्थान रखने और इसी स्थान पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग की गई। ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम ने कहा कि लोगों की मांग को उचित माध्यम से मुख्यमंत्री और संबंधित मंच तक पहुंचाया जाएगा। निर्णय होने के बाद लोगों को अवगत कराया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन का अमला मौके पर तैनात रहा और आयोजन शांतिपूर्ण रहा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News