Punjab Kesari MP ads

उज्जैन शाही मस्जिद विवाद के बीच वक्फ बोर्ड अध्यक्ष का बड़ा बयान, मुस्लिम समाज के लिए कही ये बात

Monday, Sep 28, 2026-06:37 PM (IST)

उज्जैन (विशाल सिंह) : उज्जैन की शाही मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद के बीच मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि मस्जिद को न तो शहीद किया जा रहा है और न ही विस्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चौड़ीकरण की जद में आ रहे मस्जिद के हिस्से को समाज और मस्जिद कमेटी के लोग स्वयं हटा रहे हैं।

सनवर पटेल के मुताबिक, प्रशासन के साथ हुई बैठक में शहर काजी और मुस्लिम समाज के वरिष्ठ लोगों ने मिलकर फैसला लिया था कि चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहे हिस्से को प्रशासन नहीं हटाएगा, बल्कि समाज के लोग स्वयं उसे हटाएंगे। इसी निर्णय के तहत कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सनवर पटेल ने कहा कि ओवैसी ने मामले को नए वक्फ कानून से जोड़कर बयान दिया है, जबकि शाही मस्जिद को हटाया नहीं जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मामले को लेकर भ्रम या तनाव पैदा न किया जाए और वक्फ कानून को इस विवाद के बीच में न लाया जाए।

सनवर पटेल ने बताया कि मस्जिद कमेटी और पंच मोचीयान समाज की ओर से इस मामले को लेकर न्यायालय का रुख भी किया गया था। उन्होंने कहा कि समाज और शहर के हित को देखते हुए बैठक में मस्जिद के उस हिस्से को हटाने पर सहमति बनी, जिसमें कुछ दुकानें और मीनार का हिस्सा शामिल है। उन्होंने बाहर से आकर लोगों को भड़काने या कथित रूप से गलत जानकारी फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों से बचें, अन्यथा कानून के तहत कार्रवाई हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News