Punjab Kesari MP ads

उज्जैन में शाही मस्जिद हटाने के दौरान तनाव, पथराव के बाद आंसू गैस, 2500 पुलिस जवान तैनात

Monday, Sep 28, 2026-01:15 PM (IST)

उज्जैन (विशाल सिंह): मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 को लेकर सड़क चौड़ीकरण का कार्य जारी है। इसी के तहत कोयला फाटक से गोपाल मंदिर तक करीब डेढ़ किलोमीटर मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इस मार्ग में शाही मस्जिद का एक हिस्सा भी आ रहा है।

मस्जिद के हिस्से को हटाने को लेकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने देर रात तक मुस्लिम समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठक की। बैठक के बाद आपसी सहमति से मस्जिद का संबंधित हिस्सा स्वेच्छा से हटाने का निर्णय लिया गया। सोमवार सुबह करीब 8 बजे मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा मस्जिद का हिस्सा हटाने का कार्य शुरू किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मस्जिद के करीब 200 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग की गई है। मौके पर संभागायुक्त, एडीजी, डीआईजी, एसपी और कलेक्टर सहित करीब 2500 पुलिस जवान और अधिकारी तैनात किए गए हैं।

PunjabKesariइसी दौरान बैरिकेडिंग वाले क्षेत्रों में कुछ लोगों द्वारा लगातार नारेबाजी और पथराव किए जाने की स्थिति सामने आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और मामले में एफआईआर भी दर्ज की गई है।

दोपहर 12 बजे तक क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी, हालांकि प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और अलर्ट जारी किया गया है।वहीं, जिला कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि शाही मस्जिद का हिस्सा आपसी सहमति से मस्जिद से जुड़े लोगों द्वारा ही हटाया जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, कुछ लोगों द्वारा माहौल खराब करने की कोशिश की गई, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न मार्गों के चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News