Punjab Kesari MP ads

उज्जैन डबल मर्डर के 2 फरार आरोपी शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार, पुलिस पर पत्थर बरसाए तो पैर में लगी गोली

Sunday, Sep 27, 2026-02:40 PM (IST)

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में दो सगे भाइयों की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस वाहन से भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस टीम द्वारा रोकने पर उन्होंने पत्थरों से हमला किया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी।

घटना नीलगंगा थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, होली के दौरान एक महिला को लेकर पासी और गोरकर परिवार के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद दोनों परिवारों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते 18 जुलाई की रात करीब 11 बजे दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, तलवार और पत्थरों से हमला हुआ। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान पासी परिवार की ओर से कथित तौर पर चार राउंड फायरिंग की गई। गोली लगने से लोकेश गोरकर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके बड़े भाई जय गोरकर और चचेरे भाई तपन गोरकर घायल हो गए। गंभीर हालत में जय को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 19 जुलाई को उसकी मौत हो गई। इस तरह घटना में दो सगे भाइयों की जान चली गई।

डबल मर्डर के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस के अनुसार, फरार चल रहे सोनू पासी और छोटू गोल्डन उर्फ विजय को कोरहन गांव में उनकी बहन के घर से पकड़ा गया। दोनों को पुलिस वाहन से थाने ले जाया जा रहा था। इसी दौरान दोनों ने कथित तौर पर पुलिस वाहन से कूदकर भागने की कोशिश की।

पुलिस का कहना है कि पीछा करने के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर पत्थर फेंके। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नरेश पासी को 19 जुलाई को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर चार अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वहीं सोनू पासी, छोटू गोल्डन उर्फ विजय समेत तीन आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस अब मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News