किशन गुप्ता हत्याकांड में नया मोड़: दो दिन तक प्रशासन पर लगाए आरोप, अब SDM के पैरों में गिरी मृतक की बहन
Thursday, Oct 01, 2026-04:40 PM (IST)
खंडवा (मुश्ताक मंसूरी) : खंडवा में किशन गुप्ता हत्याकांड को लेकर पिछले दो दिनों से प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाने और विरोध-प्रदर्शन के बाद गुरुवार को पूरे मामले में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। जिस परिवार के लोग कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम और प्रदर्शन कर रहे थे, वही परिवार प्रशासन की कार्रवाई के बाद SDM बजरंग बहादुर के समर्थन में नारे लगाता नजर आया।

दरअसल, गुरुवार सुबह SDM बजरंग बहादुर पुलिस बल और जेसीबी मशीन के साथ भवानी माता क्षेत्र पहुंचे। यहां गुप्ता परिवार और यादव परिवार के बीच लंबे समय से विवाद का कारण बनी दुकान पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसे जेसीबी की मदद से तोड़ दिया।

दुकान पर कार्रवाई होते ही मृतक किशन गुप्ता के परिवार की महिलाओं ने SDM बजरंग बहादुर के समर्थन में ‘SDM बजरंग बहादुर जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसी दौरान मृतक किशन गुप्ता की बहन भावुक हो गईं और SDM के पैरों में गिरकर नतमस्तक हो गईं।

गौरतलब है कि नए बस स्टैंड क्षेत्र में हुए विवाद के बाद किशन गुप्ता गंभीर रूप से घायल हुए थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने आरोपियों पर कार्रवाई और प्रशासन की भूमिका को लेकर विरोध जताया था। अब विवादित दुकान को हटाए जाने के बाद मामले में परिजनों के रुख में आया यह बदलाव चर्चा का विषय बना हुआ है।

