होली पर गर्भवती पत्नी को गुलाल लगाते डाला था प्यार भरा वीडियो...अब फंदे से लटके मिले पति-पत्नी के शव
Thursday, Mar 12, 2026-09:02 PM (IST)
गुना (मिस्बाह नूर) : मध्य प्रदेश के गुना जिले के रुठियाई कस्बे से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक ही कमरे में मजदूर पति-पत्नी के शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक पति का शव फंदे पर झूलता मिला, वहीं उसकी गर्भवती पत्नी का शव कमरे में बरामद हुआ है। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए अंदेशा जताया जा रहा है कि पति ने पहले पत्नी की गला दबाकर हत्या की और फिर खुद आत्महत्या कर ली।

मृतकों की पहचान बजरंगगढ़ की बीस भुजा कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय सूरज आदिवासी और उसकी 23 वर्षीय पत्नी आरती के रूप में हुई है। इस घटना ने सबको इसलिए भी चौंका दिया है क्योंकि हाल ही में रंगपंचमी के अवसर पर सूरज ने अपनी पत्नी आरती को गुलाल लगाते हुए प्यार भरे वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर साझा किए थे। कुछ ही दिनों पहले दोनों मजदूरी के काम के सिलसिले में रुठियाई शिफ्ट हुए थे।

घटना का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ जब सूरज के भाई ने कमरे के भीतर दोनों को मृत अवस्था में देखा। आरती का शव कमरे में पड़ा था, जबकि सूरज फंदे से लटका हुआ था। भाई की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। बताया गया है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था और आरती गर्भवती थी। घर में आने वाले नन्हे मेहमान की खुशियों से पहले ही इस परिवार का दुखद अंत हो गया। हैरानी की बात यह है कि परिजनों और रिश्तेदारों ने दोनों के बीच किसी भी तरह के झगड़े या परेशानी की बात से साफ इनकार किया है। परिवार का कहना है कि दोनों के बीच सब कुछ सामान्य था, फिर ऐसा क्या हुआ कि हंसते-खेलते कपल ने इस खौफनाक अंजाम को चुना, यह एक पहेली बना हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ गुरुवार दोपहर को पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस आपसी अनबन या किसी गुप्त तनाव के कोण से भी मामले की पड़ताल कर रही है।

