इंदौर में पत्नी ने पति और परिवार पर करवाया रेप का केस,बोली-पुलिस भी उसके साथ, सास बोली-बहु मेरा पैसा और मकान हड़पना चाहती है
Wednesday, Oct 29, 2025-05:10 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर में पारिवारिक विवाद के चलते एक बार फिर सास-बहू के बीच विवाद का मामला सामने आया है। इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में 62 वर्षीय महिला ने अपनी बहू पर घर में जबरन घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सास की शिकायत पर बहू के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है।
बहु मकान और पैसा हड़पना चाहती है- सास का आरोप
जानकारी के अनुसार, लसूडिया क्षेत्र की रहने वाली वृद्ध महिला ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे की शादी मई 2022 में गाजियाबाद की एक युवती से हुई थी। अगस्त 2022 में बहू गाजियाबाद लौट गई थी और दोनों के बीच चल रहे विवाद के मामले वर्तमान में कोर्ट में लंबित हैं।
विवादों के चलते सास ने अपने बेटे और बहू दोनों को अपनी संपत्ति से बेदखल कर कार्रवाई की थी। शिकायत के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 9 बजे बहू अपनी एक परिचित महिला के साथ उनके घर में रसोईघर के रास्ते से जबरन घुस आई।
सास पैसे के दम पर सब करवा रही, पुलिस भी नहीं सुन रही-बहु बोली
आरोप है कि रोकने पर उसने सास के साथ हाथापाई की, जिससे सास के चेहरे पर चोट आई और गले की सोने की चेन टूट गई। आरोप है कि बहू कब्जा करने की नीयत से घर के ऊपर वाले कमरे में भीतर से गेट बंद कर रहने लगी।

मामला दर्ज होने के बाद बहू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर पुलिस पर पैसे लेकर कार्रवाई करने का आरोप लगाया था। इसी के साथ उसने पुलिस , अपने पति सहित अन्य लोगों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस के अनुसार, पहले भी महिला ने वीडियो जारी कर खुद को पीड़ित बताया था, जबकि बाद में उसने एक और वीडियो में पुलिस की कार्रवाई से संतुष्टि जताई थी।
फरियादी सास का कहना है कि बहू पहले भी गाजियाबाद में उनके परिवार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करा चुकी है और लगातार उन्हें परेशान कर रही है। जबकी दूसरी ओर बहू का कहना है कि पति और सास उस पर घर खाली करने का दबाव बना रहे हैं। सास पैसे के दम पर उसे प्रताड़ित कर रही है , उसकी सुनने वाला कोई नहीं हैं, न कोई उसकी मदद कर रह है। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

