Ladli Behna Yojana: 19 अगस्त को लाड़ली बहनों के खाते में आएंगे 1,750, CM मोहन यादव करेंगे 2,148 करोड़ ट्रांसफर
Tuesday, Aug 18, 2026-08:47 PM (IST)
भोपाल/मैहर (प्रशांत शुक्ला): मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 अगस्त 2026 को मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के जरिए 2,148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री मैहर जिले को 256 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के रूप में प्रत्येक पात्र महिला के खाते में 1,500 रुपये अंतरित करेंगे। इसके साथ ही रक्षाबंधन के विशेष अवसर पर 250 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी। यानी इस बार पात्र लाड़ली बहनों के खाते में कुल 1,750 रुपये की राशि सीधे DBT के माध्यम से पहुंचेगी।
39वीं किस्त में 1,835 करोड़ से ज्यादा ट्रांसफर
लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के तहत 1,835.46 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पात्र हितग्राहियों को दी जाएगी। वहीं रक्षाबंधन के अवसर पर 250 रुपये की अतिरिक्त सहायता के रूप में 312.83 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी। दोनों राशियों को मिलाकर महिलाओं के खातों में 2,148 करोड़ रुपये से अधिक पहुंचेंगे।
मैहर को 256 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
19 अगस्त को मैहर में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले के लिए करीब 256 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी करेंगे। इससे मैहर जिले में विकास परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
अब तक लाड़ली बहनों को मिले ₹63 हजार करोड़ से ज्यादा
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। योजना के तहत अगस्त 2026 तक 39 किस्तों के माध्यम से पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 63,248 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की जा चुकी है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है।
19 अगस्त को खाते में आएंगे 1,750
लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए 19 अगस्त का दिन खास रहने वाला है। 39वीं किस्त के 1,500 रुपये और रक्षाबंधन की अतिरिक्त 250 रुपये की सहायता मिलाकर पात्र महिलाओं के खातों में कुल 1,750 रुपये DBT के जरिए ट्रांसफर किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के मैहर कार्यक्रम से प्रदेश की लाखों महिलाओं को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा।

