कार हादसे में 9 लोगों की मौत पर दुखी हुए CM मोहन, मृतकों के लिए किया बड़ा ऐलान
Monday, Aug 10, 2026-08:47 PM (IST)
राजगढ़ (धर्मेंद्र सिंह) : मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे पर सीएम मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है और मृतकों के लिए सहायता राशि का ऐलान किया है। हादसे में सारंगपुर के पड़ाना के पास झिरी नाले के तेज बहाव में एक कार बह गई। जिसमें देवास जिले के सतवास क्षेत्र के 11 लोग सवार थे जो देवास से सारंगपुर के कदलावड़ जा रहे थे। बारिश के कारण झिरी नाला उफान पर था। इसके बावजूद लापरवाह चालक ने तेज बहाव के बीच नाला पार करने की कोशिश की और इसी दौरान पानी का बहाव इतना तेज हुआ कि कार बह गई। पानी का बहाव तेज और अत्यधिक बारिश होने के चलते कार सवार 11 लोग बह गए जिसमें 5 पुरुष, 3 महिलाएं और 3 बच्चे मौजूद थे। हादसे में स्थानीय लोगों और राहत, बचाव दल लगातार मेहनत से लापता 9 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि 2 लोग को रेस्कयू कर बचा लिया गया। सुरक्षित बचे लोगों की पहचान मुकेश व हुकुम सिंह के रुप में हुई है, जबकि 9 लोगों की जान चली गई। बरामद शवों में एक 3 वर्षीय बच्चे का शव भी शामिल बताया जा रहा है।

कार का नंबर MP 09 BJ 4684 बताया गया है और वाहन इंदौर का बताया जा रहा है। फिलहाल मृतकों की आधिकारिक पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बारिश के पानी से पूरी तरह उफान पर था। पानी का बहाव इतना तेज था कि कार उसके सामने टिक नहीं सकी और देखते ही देखते पानी में समा गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर प्रशासन और बचाव दल ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन किया। दो लोगों को बचाने में सफलता मिली, जबकि बरामद 9 लोगों को सारंगपुर के अस्पताल पीएम के लिए भेजा गया है, वही हादसे में जान गवाने वाले सभी मृतकों को शासन की तरफ से 4-4 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है। सीएम ने हादसे में दुःख प्रकट करते हुए संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

